आज हिंदी दिवस है, तो मैं ये नहीं लिखूंगी कि हिंदी को राजभाषा बनाने के लिये कितनी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। आप सब ज्ञानी है और सुबह से कई लेखों में आप यह सब पढ़ भी चुके होंगे। मैं बस एक बात साझा करना चाहती हूँ, जो कुछ इस प्रकार है।
अभी हाल फिलहाल कुछ दिनों पहले मैं एक साक्षात्कार देख रही थी, जिसमे कुछ फिल्मी सितारे अपनी नई फिल्म का प्रचार प्रसार करने आये थे। जब साक्षात्कार शुरू हुआ तो साक्षात्कारकर्ता ने सबका परिचय कराते हुए, आगे अपनी वार्तालाप में एक शब्द “तत्वावधान” का प्रयोग किया।
इस शब्द पर सबने खूब ठहाके लगाए और कई बार इस शब्द को दोहराया और फिर हँसे…
जाहिर था कि शायद ही किसी को इस शब्द का तात्पर्य पता होगा। यह महज एक कार्यक्रम या किसी के शख्स की बात नही है, बल्कि लगभग आज कल के सभी युवा और आजकल के विद्यालयों में एक विदेशी भाषा को बोलना बड़ा ही cool समझा जाता है, मगर हिंदी के आसान शब्दों का मतलब भी जानना जरूरी नही समझा जाता और बच्चे भी इस बात पर गर्व करते हैं कि वो कितने आधुनिक हैं और पढ़े लिखे हैं। निजी विद्यालयों ने तो हद पार कर रखी है। यदि कोई विद्यार्थी हिंदी में बात भी करे तो उस पर दंड रूपी शुल्क लगाया जाता है। विडम्बना है ये उस राष्ट्र की जहाँ हिंदी मातृभाषा के साथ साथ राजभाषा भी है।
मैं यह नही कहती कि कोई दूसरी भाषा पढ़ना समझना बोलना या अपने ज्ञान पर घमंड करना गलत है मगर यदि कोई अपनी मातृभाषा बोले तो उसे अज्ञानी और पिछड़ा समझना कहीं की महानता नहीं है।
और ज्यादा कुछ लिखने की जरूरत नही है सभी को पता है आजकल हिंदी की क्या हालत है फिर भी जो लेखक, पत्रकार और आमजन इस भाषा का प्रयोग करने में गर्व महसूस करते हैं मैं उन्हें दिल से धन्यवाद करती हूँ🙏
हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं🖤
Instagram @secret.shayara





